संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मदनपुर के प्राथमिक पाठशाला में अब दो शिफ्ट में कक्षाएं लगेंगी। यह आदेश शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी सीमा रानी ने मदनपुर स्कूल का दौरा करते हुए दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से दो शिफ्टों में कक्षाएं लगाने के लिए सोमवार तक पत्र जारी कर दिया जाएगा। पत्र में निर्धारित तारीख से कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगे।
दरअसल स्कूल में बच्चों को हो रही परेशानी के मद्देनजर अभिभावकों की शिकायत पर अमर उजाला ने माई सिटी संस्करण में 29 नवंबर को खबर प्रकाशित की थी। इसमें टाट पर बैठकर बच्चों की पढ़ाई करने की मजबूरी के साथ-साथ स्कूल में कमरों के कमी की समस्या को भी प्रमुखता उठाया था। जिसका संज्ञान लेते हुए विभाग के अधिकारियों ने आनन-फानन में स्कूल का दौरा किया। स्कूल के शिक्षकों को दो शिफ्ट में कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए।
अभी क्या हैं हालात
सरकारी प्राथमिक पाठशाला में 255 बच्चों के के लिए महज दो कमरे हैं। बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण स्कूल भवन में बैठने की जगह नहीं बचती है, जिसके चलते बच्चों को क्लास स्कूल के साथ लगती खेड़ा धर्मशाला में कक्षाएं लगाई जाती हैं। जिसके चलते बच्चों को परेशानी होती है। वहां बच्चों को शिक्षकों के व्याख्यान समझ में नहीं आते हैं। साथ ही उन्हें कक्षा में बैठने में भी परेशानी होती है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का दौरा किया है और दो शिफ्टों में स्कूल खोलने के निर्देश दिए गए हैं। - नर्सी भगत, हेड मास्टर, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल, मदनपुर