चंडीगढ़। नगर निगम ने पानी का बिल न चुकाने वाले 3400 लोगों की सूची तैयार कर ली है। वीरवार को निगम ने 483 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम हर रोज डिफॉल्टरों को नोटिस जारी कर सात दिन का समय देगा। उसके बाद कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने बताया कि शहर में सरकारी विभागों से लेकर रेजिडेंशियल व कामर्शियल एरिया के लोगों पर पानी के बिल के 27 करोड़ रुपये बकाया हैं। ऐसे में रुपयों के भुगतान के लिए निगम ने अभी नोटिस जारी किया है। बिल न चुकाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम कमिश्नर बताया कि पानी का बिल न चुकाने वालों की जांच के लिए एक टीम बनाई गई थी। जांच रिपोर्ट में सामने आया था कि कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने सालों से पानी का बिल नहीं चुकाया है। इन लोगों पर 20 हजार से लेकर लाखों रुपये तक का बिल बकाया है। फिलहाल अभी 483 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके पास करोड़ों रुपये बकाया है। इन्हें हर रोज नोटिस भेजकर सात दिन का समय दिया जाएगा। उसके बाद कनेक्शन काटने की तैयारी की जाएगी। इनके अलावा अन्य बकायेदारों की भी जांच की जा रही है।