मोरनी। बीती 13 अप्रैल की रात मोरनी में चमोल की बावड़ई के पास हुए गोलीकांड में नया मोड़ सामने आ गया है। गोलीकांड में घायल हुए पीड़ित यज्ञदत्त उर्फ अमित पुत्र गीताराम पर कथित रूप से गन से हमला किया गया था, लेकिन एफआईआर में इसे ‘एयर गन’ बताया गया है।
अब अमित के भाई कृष्ण लाल ने आरोप लगाया है कि उन्हें गुमराह कर पुलिस से एयर गन लिखवाया गया, जबकि हमला असली पिस्टल से किया गया था। घायल अमित के परिजनों ने इस संबंध में एक लिखित शिकायत पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंचकूला हिमाद्री कौशिक को सौंपी है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जो हथियार पुलिस की ओर से दिखाया गया है, वह एयर गन नहीं है, बल्कि असली गन से फायरिंग की गई थी। इसके अलावा सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई है।
हालांकि डीसीपी की व्यस्तता के चलते उनसे मुलाकात नही हो पाई है। लेकिन पीड़ित परिवार ने उनके कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने बताया कि शुरू में उन्हें सही जानकारी दिए बिना बयान दिलवाए गए। इस कारण अब उन्हें न्याय की उम्मीद डीसीपी से है। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।