विक्ट्री वेव्स ने गोल्फ मुकाबला जीतकर फाइनल में किया प्रवेश
सेक्टर -3 पंचकूला गोल्फ क्लब में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपराजित रही विक्ट्री वेव्स ने गोल्फिंग पैंथर्स को 4-1 से हराकर एरोप्लाजा पंचकूला गोल्फ लीग के फाइनल में प्रवेश किया। विक्ट्री वेव्स ने पांच में से चार गेम जीतकर शानदार जीत दर्ज की। सेमीफाइनल रविवार सुबह पंचकूला गोल्फ क्लब में खेला गया। इस बीच दूसरे सेमीफाइनल में हाईलैंड किंग्स ने स्नीकिन गोल्फर्स को हराया। उन्होंने 5 मुकाबलों में से तीन जीते और एक में बराबरी दर्ज की। हाईलैंड किंग्स सिर्फ एक गेम हारे। इस परफॉरमेंस से टीम ने फाइनल में जगह पक्की की। दूसरा सेमीफाइनल काफी करीबी रहा और स्नीकिन गोल्फर्स बढ़त पर था। फिर हाईलैंड किंग्स ने जबरदस्त वापसी की और वे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर गए। फाइनल मैच विक्ट्री वेव्स और हाईलैंड किंग्स के बीच बुधवार 23 अप्रैल को पंचकूला गोल्फ क्लब में खेला जाएगा। फाइनल से पहले, तीसरे और चौथे स्थान के लिए एक और मैच खेला जाएगा।