84 रन की दमदार पारी खेल बने मैन ऑफ द मैच, ऑर्स क्रिकेट अकादमी को 16 रन से हराया
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। विल 2 विन इंटर अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में निपुण विल 2 विन क्रिकेट अकादमी ने ऑर्स क्रिकेट अकादमी को 16 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले आदी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निपुण विल 2 विन क्रिकेट अकादमी ने मजबूत शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज आदी ने 84 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। ऋत्विक ग्रोवर ने 28 रन का योगदान देकर उनका अच्छा साथ निभाया। दोनों की पारियों की बदौलत टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
ऑर्स क्रिकेट अकादमी की ओर से तीर्थ गवाड़े ने तीन विकेट लेकर प्रभावशाली गेंदबाजी की, जबकि मनीष ने दो विकेट हासिल किए। दोनों गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में टीम को महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाईं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑर्स क्रिकेट अकादमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि हर्ष जायसवाल ने 54 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। रियाश पाटिल ने 27 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। इसके चलते टीम लक्ष्य से 16 रन पीछे रह गई।
निपुण विल 2 विन क्रिकेट अकादमी की ओर से ऋत्विक ग्रोवर और आदी ने एक-एक विकेट हासिल किया। अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में 84 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाले आदी को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।