स्विस क्लब फायरिंग केस: मुठभेड़ में घायल आरोपी के पैर में लगी थी गोली
दूसरा आरोपी सेक्टर-6 अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित स्विस क्लब के बाहर कारोबारी रतन लुबाना पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए दो शूटरों में से एक को शुक्रवार को बेहतर उपचार के लिए चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 रेफर किया गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज पुलिस सुरक्षा के बीच जारी है।
आरोपी की पहचान लुधियाना निवासी जसवींदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात स्विस क्लब के बाहर रतन लुबाना पर फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी थी।
गिरफ्तारी के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को जसवींदर की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उसे जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसके उपचार के दौरान पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, दूसरे आरोपी का उपचार अभी सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ आरोपियों से पूछताछ भी कर रही है।