टेंडर प्रक्रिया शुरू, प्रोजेक्ट 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने पठानकोट में नया सर्किट हाउस बनाने का फैसला किया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी रविवार को पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने दी।
उन्होंने बताया कि इस सर्किट हाउस का कुल क्षेत्र 22,800 वर्ग फुट होगा, जहां ग्राउंड के अलावा दो मंजिलें बनाई जाएंगी। कुल 12 कमरे प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें 2 वीवीआईपी सेट शामिल हैं। इसके अलावा एक कॉन्फ्रेंस हॉल और एक ड्राइंग रूम बनाया जाएगा। नए सर्किट हाउस के लिए आतिथ्य विभाग से प्रशासनिक मंजूरी ली जा चुकी है। इस निर्माण कार्य के टेंडर मांग लिए गए हैं। यह प्रोजेक्ट 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उल्लेखनीय है कि जिला पठानकोट एक तरफ हिमाचल प्रदेश और दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर की सीमा से सटा है। इस क्षेत्र में देश भर से आने वाले मेहमानों, अधिकारियों और अन्य वीवीआईपी के ठहरने के लिए किसी उचित आवास का प्रबंध नहीं था। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पठानकोट में सर्किट हाउस बनाने का फैसला लिया है।