पंचकूला। उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक महावीर कौशिक ने 2-10 अप्रैल तक होने वाले चैत्र नवरात्र मेले के सफल आयोजन के लिए वीरवार को माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के सभागार में बैठक की। उन्होंने विभागों को सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चैत्र नवरात्र मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्व पूरे कर लिए जाएं।
पुलिस विभाग को मेले के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए विभिन्न स्थानों पर नाके लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से पंक्ति में माता के दर्शन करवाए जाएं और दंडवत श्रद्धालुओं के लिए अलग पंक्ति की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए उन्हें वीआईपी गेट से मंदिर में प्रवेश करवाया जाए। बैठक में नगराधीश गौरव चौहान, श्री माता मनसा देवी पूजा पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार बंसल और सचिव शारदा प्रजापति भी उपस्थित रहे।
उन्होंने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को मेले के दौरान श्री माता मनसा देवी मंदिर, काली माता मंदिर और श्री चंडी माता मंदिर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मेला स्थल पर पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रसाद और लंगर की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टर्स और खाद्य निरीक्षक की टीम द्वारा सैंपल लिए जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे सभी सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-6, राजकीय अस्पताल सेक्टर-16 चंडीगढ़, जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़, पीजीआई चंडीगढ़ और आर्मी कमांड अस्पताल पंचकूला से संपर्क स्थापित किया जाए।
माता के मंदिर तक बसों की व्यवस्था करें
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को मंदिर तक लाने के लिए चंडीगढ़-पंचकूला रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जीरकपुर, बस स्टैंड सेक्टर-17 और 43 चंडीगढ़ से हरियाणा रोडवेज और सीटीयू की बसों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि इसी तरह की बस सुविधा की व्यवस्था श्री काली माता मंदिर कालका और चंडी माता मंदिर के लिए भी की जाए। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को मंदिर परिसर में 24 घंटे स्वच्छ पेयजल और अन्य जन सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा मंदिर परिसर में नियमित फॉगिंग के साथ सफाई की व्यवस्था की जाए।
प्लास्टिक कैरीबैग के इस्तेमाल पर होगा चालान
मेले में प्लास्टिक कैरीबैग के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा मेले से पूर्व ही एक अभियान चलाकर प्लास्टिक कैरीबैग इस्तेमाल करने वाले लोगों और दुकानदारों के चालान किए जाएं। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी चालान की प्रतिदिन की रिपोर्ट श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में श्री काली माता मंदिर कालका के सचिव पृथ्वी राज, एसीपी रमेश गुलिया, एसीपी सतीश कुमार, निरीक्षक वाहिदा हामिद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी वीरेंद्र पुनिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी भगत सिंह, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता विकास लाठर, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के कार्यकारी अभियंता राजपाल, माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के एसडीओ राकेश पाहुजा, नगर निगम चंडीगढ़ के एसडीई हेमंत कुमार और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।