हरियाणा के नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच रहे हैं। मोदी पंचकूला आने वाले देश के चौथे प्रधानमंत्री होंगे। इससे पहले तीन प्रधानमंत्री जिले में आ चुके हैं।
सबसे पहले 1971 में इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री के तौर पर पंचकूला के घग्घर नदी पुल का उद्घाटन करने के लिए आई थीं। 1996 में एचडी देवगौड़ा प्रधानमंत्री के तौर पर जिला पंचकूला आए थे। वे प्रधानमंत्री बनने के कुछ दिन बाद कालका के बाला जी मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंचे थे।
इसके बाद यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री रहते डॉ. मनमोहन सिंह दो बार पंचकूला आए थे। पहली बार वे अपने किसी मित्र के निधन पर शोक जताने के लिए सेक्टर-4 में आए। उसके बाद साल 13 अप्रैल 2012 को माटी के रंग समारोह में हिस्सा लेने सेक्टर-5 में पहुंचे थे। सेक्टर-5 में जोनल कल्चर प्रोग्राम की सिल्वर जुबली मनाई गई थी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी शिरकत की थी।
90 के दशक में पंचकूला रहते थे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 90 के दशक में पंचकूला में रह चुके हैं। उस समय वे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के भाजपा प्रभारी होते थे। मोदी 1994 से लेकर 99 तक पंचकूला में ही रहे। अब करीब 15 साल बाद वे दोबारा पंचकूला आ रहे हैं।