पंचकूला। समाजसेवी संस्था मथुरादास लाजवंती सुभाष हितैषी फाउंडेशन की कोर कमेटी की बैठक बुधवार को हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर डेंगू के लारवा की चेकिंग शुरू ना करने और फॉगिंग के लिए दवाई नगर निगम को उपलब्ध न करवाने पर चिंता व्यक्त की गई। हितैषी फाउंडेशन के चेयरमैन भारत हितैषी ने कहा कि पंचकूला के स्वास्थ्य विभाग ने पिछले साल के 900 डेंगू मरीजों की डरावनी संख्या से कोई सबक नहीं सीखा और इस समय मानसून सीजन चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर लारवा की चेकिंग के लिए अपनी टीमें पंचकूला शहर में लगाई ही नहीं है। मुख्य मार्गदर्शक एसके शर्मा, मुख्य संरक्षक डॉ. एस. कुमार ने कहा कि पिछले वर्षों की भांति स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग की दवाई नगर निगम को सप्लाई करने की जगह नगर निगम को खुद दवा खरीदने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के कारण देर से शुरू होने वाली फॉगिंग से मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। संरक्षक बीएम कौशिक, सचिव प्रेम लाल गुप्ता, संगठन सचिव सुभाष शर्मा और प्रचार सचिव एसपी विज ने मांग की है कि सीएमओ पंचकूला डेंगू ,मलेरिया के लारवा की चेकिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को घर-घर भेजे।
मकान मालिकों और शहरवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करे। चेयरमैन भारत हितैषी, मार्गदर्शक कुसुम अरोड़ा, अमित गुप्ता, जीडी बत्रा, एनके खोसला, शिव कुमार वर्मा, दिनेश सिंगला, सतीश गोयल और तरसेम गर्ग ने नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल से आग्रह किया है कि फोगिंग के लिए दवाई जल्द खरीदकर सारे शहर में तुरंत फोगिंग का शेड्यूल बनाएं। इससे शहरवासियों को डेंगू मलेरिया के कहर से बचाया जा सके।