पंचकूला। एक्सटेंशन लेक्चरर्स का सेक्टर-5 धरनास्थल पर आमरण अनशन वीरवार को चौथे दिन भी जारी रहा। लेक्चरर्स ने कहा गया कि लगातार जॉब सिक्योरिटी की मांग कर रहे हैं, इसके बाद सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भिवानी की डॉ. तरूणा ने बताया कि आमरण अनशन पर बैठे चौथा दिन हो गया है लेकिन सरकार और प्रशासन द्वारा आमरण अनशनकारियों की कोई सुध नहीं ली गई है।
उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी आमरण अनशनकारी का मेडिकल चेकअप तक नहीं करवाया गया है। अनशन पर बैठे एक्सटेंशन लेक्चरर्स शेर सिंह की तबीयत अचानक खराब होने के कारण एक्सटेंशन लेक्चरर्स में जबरदस्त रोष है। शाम को 5 बजे उच्चतर शिक्षा विभाग के सामने हरियाणा सरकार का पुतला जलाकर रोष प्रकट किया।