पंचकूला। प्राचीन शिव मंदिर सकेतड़ी महादेवपुर में एक मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई हैं। महाशिवरात्रि पर मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जाएगा। मंदिर की सजावट के लिए कोलकाता से विशेष फूल मंगवाए गए हैं। प्राचीन शिव मंदिर की कमेटी श्री शिव मंदिर नव दुर्गा चैरिटेबल ट्रस्ट महादेवपुर (पंचकूला) के प्रेसिडेंट केडी शर्मा ने बताया कि इस बार महाशिवरात्रि पर शिवलिंग पर 250 क्विंटल दूध चढ़ाया जाएगा।
प्रसाद के लिए 50 हजार केले और 60 बोरी बेर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए फल और दूध की छबील लगाई जाएगी। 35 हजार रुपये के फूलों से मंदिर की सजावट की जाएगी। इन फूलों से मंदिर से लेकर मेन गेट तक फूलों की गुफा बनाई जाएगी। इसके अलावा मंदिर को लड़ियों से सजाया गया है। प्राचीन शिव मंदिर कमेटी के प्रेसिडेंट केडी शर्मा ने बताया कि मान्यता के अनुसार वह स्वयंभू शिवलिंग की पूजा करने से लोगों की मन्नत पूरी होती है। यहां पर हर साल शिवरात्रि पर एक लाख से अधिक लोग दर्शन करने आते हैं। मान्यता के अनुसार सकेतड़ी के मंदिर में शिवलिंग की पूजा करने से लोगों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
शिव मंदिर में दर्शन करने का महत्व
प्राचीन शिव मंदिर की कमेटी के प्रधान केडी शर्मा ने बताया कि महादेवपुर सकेतड़ी स्थित मंदिर के पांच सोमवार दर्शन करने पर लोगों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इसलिए लोग बड़ी श्रद्धा के साथ शिवलिंग का पूजन करते हैं। महाशिवरात्रि पर सकेतड़ी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। सावन में इस मंदिर में एक मेला लगता है।
सैकड़ों श्रद्धालुओं का दल हरिद्वार से गंगाजल लेकर आते हैं, और श्रावण की शिवरात्रि को पवित्र शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं। सावन में हर रविवार को खीर पूड़े का भंडारा भी लगाया जाता है। मान्यता के अनुसार इस मंदिर में पांडवों ने भी पूजा अर्चना की है। यहां पर सभी जाति व धर्म के लोग पूजा अर्चना करते हैं। मंदिर में शिव मंत्रों का जाम दिन-रात होता रहता है। मंदिर का वातारण भक्तों के लिए सुख, शांति व स्वास्थ्य के लिए अति उत्तम स्थान है।
ढाई किलोमीटर में पैच वर्क का काम शुरू
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से शिवरात्रि मेले को लेकर सकेतड़ी गांव की सड़क पर पैचवर्क का काम शुरू कर दिया गया है। ढाई किलोमीटर जगह जगह से टूटी सड़क पर करीब 25 लाख रुपये की लागत से पैचवर्क का काम किया जा रहा है। 28 फरवरी तक काम पूरा कर लिया जाएगा।