पंचकूला। आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर यूनियन ने वीरवार को 15वें दिन भी प्रदर्शन जारी रखा। सेक्टर-5 धरनास्थल पर संयुक्त तालमेल कमेटी आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर यूनियन ने हरियाणा सरकार से अपनी मांगें लागू करवाने के लिए नारेबाजी कर थाली-चम्मच बजाया। वर्कर्स ने कहा कि यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी। धरने में ब्लाक पिंजौर के वर्कर्स और हेल्परों ने हिस्सा लिया। धरना जिला प्रधान शारदा रत्न की अध्यक्षता में किया गया।
धरने का संचालन उषा शर्मा ने किया। इसकी जानकारी यूनियन के जिला उप प्रधान सरोज बाला ने दी। प्रधान शारदा रत्न और माया रानी ने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार उनकी अनदेखी करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत 2017 में घोषणा हुई कि मिनिमम वेजेस लागू किए जाए लेकिन यह आज तक लागू नहीं हो पाया। वर्ष 2018 में सरकार से हुए समझौते को लागू कर महंगाई भत्ते की तमाम किस्त जोड़ कर दिया जाए। आंगनबाड़ी वर्कर को एरियर का भुगतान किया जाए। धरने में रीना, सरिता, दलजीत, प्रेमलता, बलबीर, सुलोचना, बबली, नीलम रानी, शीला, उमा, हीरा, रंजना, सरोजबाला, विशेष रानी ने सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।