माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में अब पांच साल तक के बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए नई पहल शुरू की गई है। अस्पताल प्रबंधन ने जरूरी टीकाकरण के बाद ही मां और नवजात बच्चे को डिस्चार्ज करने को कहा है। सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि जीरो से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण को लेकर बैठक की गई थी। इसमें दस हजार बच्चों में टीकाकरण का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रखा गया है। शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण सही तरीके से किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रसूति वार्ड प्रभारी को जच्चा-बच्चा टीकाकरण सुनिश्चित करना होगा। इसके अलावा निर्देश हैं कि अस्पताल में जो भी महिला और बच्चा टीकाकरण के लिए आता है, वह बिना टीकाकरण के वापस घर नहीं जाना चाहिए। इस तरह की पहल बच्चों को स्वस्थ और कुपोषण का शिकार नहीं होने के लिए की जा रही है। जिले में फिलहाल बच्चों के टीकाकरण का प्रतिशत 92 प्रतिशत है। इसको 100 प्रतिशत करने का प्रयास किया जा रहा है।
नर्सिंग ऑफिसर की तरफ से की जाएगी काउंसलिंग
सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बच्चों का टीकाकरण नहीं करवा रहे हैं। वहां पर नर्सिंग ऑफिसर सहित अन्य टीमें बनाई जाएंगी। इसमें पंचकूला के अलावा कालका, पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी में टीमें जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करेंगी। इसमें हेपेटाइटिस बी, रोटा वायरस, इन्फ्लूएंजा, पोलियो वायरस, टिटनेस, काली खांसी, खसरा, गलसुआ, रूबेला, चेचक सहित अन्य वायरस से बचाव के टीके लगाए जाएंगे। इसमें टीकाकरण जल्द ही किया जाएगा। बच्चों के टीकाकरण का रिकार्ड पोर्टल पर रखा जाएगा, जिससे कि उनका समय पर टीकाकरण किया जा सके।
अस्पताल में जच्चा-बच्चा का टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमित टीकाकरण समय पर करवाया जाए, जिससे सभी स्वस्थ रहें। -डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ , पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6