चंडीगढ़। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन कर 24 हजार 282 मामले निपटाए। पूर्व मुकदमेबाजी और अन्य मामले निपटाने से कुल 91,85,32,673 रुपये की राशि एकत्रित हुई।
पंजाब- हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति व कार्यकारी अध्यक्ष हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण राजन गुप्ता के मार्गदर्शन में हरियाणा के 22 जिलों और 33 उपमंडलों में राष्ट्रीय लोक अदालतें लगाई र्गइं। इनमें सिविल, आपराधिक, वैवाहिक, बैंक वसूली आदि से संबंधित मामलों का निपटारा किया गया। इसके आयोजन का उद्देश्य वादियों को विवाद निपटाने के लिए एक मंच प्रदान करना रहा। राजन गुप्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लोक अदालतों की निगरानी के साथ ही जिला एवं सत्र न्यायाधीशों के साथ टेलीफोन पर कामकाज को लेकर चर्चा की।
10,581 पूर्व मुकदमेबाजी के मामलों को उठाया गया और 3,011 मामलों का निपटारा हुआ। इससे 4,82,96,251 रुपये की राशि एकत्रित हुई। 60,172 लंबित मामलों को उठाया गया और 21,271 मामलों में निर्णय हुए। इससे 87,02,36,422 रुपये की कुल राशि प्राप्त हुई। दोनों तरह के कुल 24,282 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे 91,85,32,673 रुपये प्राप्त हुए।
गुप्ता ने इस अदालत के जरिये अधिक से अधिक मामलों को निपटाने का आह्वान किया, क्योंकि लोक अदालत वैकल्पिक विवाद समाधान की एक प्रणाली है। लोक अदालतें न केवल लंबित विवाद या पार्टियों के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों को सुलझाती हैं, बल्कि सामाजिक सद्भाव भी सुनिश्चित करती हैं।