चंडीगढ़। कोरोना संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए अब प्रदेश में नमूनों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। फिलहाल रोजाना 50 हजार से अधिक लोगों के नमूने लिए जा रहे हैं। अधिक से अधिक लोगों के सैंपल लिए जाएं और लोगों को तीन दिन की बजाए एक ही दिन में रिपोर्ट मिल सके, इसलिए स्वास्थ्य विभाग आठ और नई लैब शुरू करने जा रहा है। इनमें ज्यादातर वो जिले हैं, जहां पर अभी तक आरटीपीसीआर लैब नहीं है और इनके सैंपल दूसरे जिलों में भेजे जा रहे हैं।
पहले प्रदेश में केवल 13 लैब थीं, जिनमें 8 सरकारी और 5 निजी। फिलहाल 40 लैब काम कर रही हैं। इनमें 19 सरकारी हैं और 21 निजी लैब शामिल हैं। अब जल्द विभाग आठ और लैब शुरू करने जा रहा है।
घटेगा लैब पर बोझ, जल्दी मिल सकेगी रिपोर्ट
इस पर टेस्टिंग को लेकर लैब पर जबरदस्त बोझ है। कर्मचारियों को न तो छुट्टी मिल पा रही है और न ही आराम। दूसरा, सैंपल अधिक होने के कारण तीन तीन दिन में कोरोना की रिपोर्ट आ रही है। इस बारे में स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक डा. वीना सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि लोगों को जल्दी रिपोर्ट मिल सके। इसके लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इन लैब को जल्द ही शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
यहां स्थापित होनी हैं लैब
लैब उन जिलों में स्थापित की जाएंगी, जहां के सैंपल दूसरे जिलों में भेजे जाते हैं और जहां पर अबी तक लैब नहीं है। इनमें कैथल, कुुरुक्षेत्र, पलवल, फरीदाबाद, रामपुरा (नारनौल), चरखीदादरी और झज्जर व एक अन्य जिला शामिल हैं।