मोहम्मद मुस्तफा और कैप्टन अमरिंदर सिंह।
- फोटो : फाइल
नवजोत सिंह सिद्धू के रणनीतिक सलाहकार मोहम्मद मुस्तफा ने ट्वीट के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि उन्हें सिद्धू और परगट सिंह का साथ देने के लिए धमकियां दी जाती थीं। ट्वीट कर धमकियों का तारीख वार जिक्र करते हुए उन्होंने शायरी लिखी है। उन्होंने कैप्टन पर तंज कसते हुए लिखा है कि हमें तो देखना ये है कि तू जालिम कहां तक है।
पंजाब के सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा कभी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी हुआ करते थे लेकिन सूबे का डीजीपी नहीं बनाए जाने से वह कैप्टन से नाराज हो गए थे। जिसके बाद वह कांग्रेस प्रधान पद पर नवाजे जाने पर नवजोत सिंह सिद्धू के करीब हो गए थे। सिद्धू ने उन्हें अपना रणनीतिक सलाहकार बनाया।
सिद्धू के समर्थन में वह लगातार कैप्टन पर हमला भी करते रहे हैं। जब कैप्टन ने सिद्धू को पाकिस्तानी प्रेमी बताया तो भी मुस्तफा सिद्धू के समर्थन में उतर आए थे। मुस्तफा ने कहा था कि कैप्टन से उनकी पारिवारिक दोस्ती है, उन्हें भी उनके बारे में बहुत कुछ पता है। इसलिए कैप्टन मेरा मुंह न खुलवाएं। उन्होंने कहा था कि सिद्धू की राष्ट्रभक्ति पर सवाल नहीं उठाए जा सकते।
रविवार को मुस्तफा ने ट्वीट में पत्र डालकर धमकियों की तारीख का उल्लेख भी किया है। उन्होंने लिखा है कि उन्हें सिद्धू व परगट सिंह का साथ देने के कारण धमकी दी गई। मुस्तफा ने कहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने सलाहकार कैप्टन संदीप संधू व मंत्री राणा सोढ़ी व उनके पुत्र के माध्यम से उन्हें व उनकी पत्नी को धमकियां दिलवाईं। उन्होंने लिखा है कि कायरता उनके खून में नहीं है। वह धमकियों से डरेंगे नहीं।
शेर लिखकर कसा तंज
उन्होंने ट्वीट में शेर लिखा है। न पूछ मेरे सब्र की दुसअत कहां तक है, सता कर देख ले जालिम तेरी ताकत जहां तक है। सितमगर तुझ से उम्मीद-ए-करम होगी, जिन्हें होगी, हमें तो देखना ये है कि तू जालिम कहां तक है।