मोरनी। डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की बढ़ती लोकप्रियता के साथ ही ऑनलाइन ठगी के तरीकों में भी तेजी से बदलाव आ रहे हैं। वीरवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया। जब पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारकों को व्हाट्सएप के माध्यम से केवाईसी कराने का मैसेज मिला। इस मैसेज में उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपने बैंक खाते की केवाईसी कराने को कहा गया था। न कराने पर संबंधित अकाउंट ब्लॉक करने की चेतावनी दी गई थी। ठगों ने ग्राहकों को डराने के लिए एक एपीके एप्लीकेशन लिंक भेजा था। मामले में बैंक का कहना था कि उनकी तरफ से ऐसा कोई लिंक नहीं भेजा गया है। यह साइबर ठगों की चाल है। अनिल और रमेश ने बताया कि उनके पास लिंक आया था। इसको लेकर वे असमंजस में थे। उनको बैंक में जाकर इस बारे में पता करना पड़ा।
क्या था ठगी का तरीका
रविवार को 6207797405 नंबर से लोगों को यह मैसेज भेजा गया। मैसेज में तत्काल एप्लीकेशन डाउनलोड करने और जानकारी भरने की बात कही गई थी। जैसे ही लोग एप्लीकेशन को ओपन करते, उनके फोन की निजी जानकारी जैसे बैंक अकाउंट डिटेल, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील डेटा हैकर्स के कब्जे में चला जाता। कुछ सतर्क उपभोक्ताओं ने इस संदिग्ध मैसेज को लेकर बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बैंक कभी भी इस प्रकार के मैसेज नहीं भेजता है। यह ठगों की एक साजिश है।
फर्जी लिंक से सावधान रहें
किसी भी अज्ञात लिंक को ओपन न करें। बैंक से पुष्टि करें और किसी भी मैसेज या कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। सीधे बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन पर संपर्क करें। व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें व्हाट्सएप, ईमेल या अन्य माध्यम से बैंक संबंधित जानकारी कभी भी साझा न करें। ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। छोटी सी लापरवाही बड़ी आर्थिक हानि का कारण बन सकती है। बैंक और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सतर्कता ही ठगी से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
कोट
पंजाब नेशनल बैंक ने उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। वे ग्राहकों को किसी भी प्रकार की केवाईसी अपडेट के लिए सीधे ब्रांच में संपर्क करने का सुझाव देते हैं। कभी भी व्हाट्सएप या अन्य माध्यम से लिंक नहीं भेजते हैं। एपीके एप को भूलकर भी इंस्टाल न करें ताकि आपकी कमाई को नुकसान न पहुंचे। - कमलेश कुमार, अधिकारी, पंजाब नेशनल बैंक, मोरनी