पंचकूला। मेयर कुलभूषण गोयल ने शहर के विभिन्न विकास कार्यों पर नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें शहर से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की गई। कुलभूषण गोयल ने निर्देश दिए कि आईटी पार्क चंडीगढ़ से मनसा देवी कांप्लेक्स एवं हाउसिंग बोर्ड चौक पर लगाए जा रहे स्वागत द्वार का काम 31 मार्च तक पूरा कर दिया जाए। बैठक में जिन टॉवर एवं लाइन कंपनियों को बकाया राशि जमा करवाने के नोटिस दिए हैं, उस पर संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग ने बताया कि इन कंपनियों को 9 फरवरी का नोटिस दिया था, इनकी डेडलाइन 24 फरवरी को पूरी हो रही है। उसके बाद कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
मेयर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे शौचालयों के नवीनीकरण जैसे छतों को ठीक करना, टूटे दरवाजे लगाने, नई टाइलें टॉयलेट शीट इत्यादि का काम तुरंत पूरा करवाएं। शहर में सफाई की तरफ विशेष तवज्जो दें। मेयर ने कहा कि पिछली नगर निगम की बैठक में पारित सभी कामों को तुरंत पूरा किया जाए। उन्होंने कैटलकैचर, पिकअप वैन, डंपर प्लेसर, सफाई से कुछ जरूरी सामान तुरंत मंगवाने के निर्देश दिए।
नई एजेंसी को अलॉट काम के तहत नए कूड़ेदान को अलग-अलग जगहों पर रखने के लिए कहा। बैठक में ट्रैफिक पुलिस इंसपेक्टर भी मौजूद थे। मेयर ने संबंधित एजेंसी से कैमरों को चेक करवाकर बदलवाने के निर्देश दिए। मेयर ने गैर-मोटर चालित परिवहन (एनएमटी) का काम तुरंत प्रभाव से पूरा करवाने के निर्देश दिए। साथ ही आफिस बिल्डिंग के काम को तेजी से करवाने के लिए कहा। एसई विजय गोयल ने बताया कि कई सड़कों की रिकारपेटिंग के लिए टेकभनीकल सेक्शन आनी बाकी हैं। पार्कों के टेंडर के बारे में चर्चा हुई।
मेयर ने की विकास कार्यों की समीक्षा
मेयर ने विभिन्न सेक्टरों के गाइड मैप, सामुदायिक केंद्रों के नवीनीकरण, लाइटों, पंजाब से लगती सीमा पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, भ्रमण के लिए बस खरीदने, श्मशानघाट, धर्मशाला, तालाब के कार्यों, विभिन्न सेक्टरों के पार्कों के निर्माण, बेंच, झूलों व जिम की व्यवस्था, पेड़ों के टहनियों की कटाई, फायर की एनओसी, सॉलिड वेस्ट प्रबंधन, अवैध कब्जे हटाने, स्वच्छता अभियान पर गहन रुचि लेकर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त और पॉलिथीन के प्रयोग पर पाबंदी, बागवानी, शहर के सौंदर्यीकरण और निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि सभी विकास कार्यों को गंभीरता से लेकर उन पर कार्य हो रहा है। कुलभूषण गोयल ने शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में भी संबंधित अधिकारियों को निष्ठा, लग्न और ईमानदारी के साथ निर्धारित अवधि में विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, अधीक्षक अभियंता विजय गोयल, डीएमसी दीपक सूरा, कार्यकारी अभियंता सुमित मलिक, पार्षद सुनीत सिंगला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।