पंचकूला। फाइनेंस एवं कांट्रेक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) की पहली बैठक बुधवार को मेयर एवं कमेटी के चेयरमैन कुलभूषण गोयल की अध्यक्षता में हुई। करीब चार घंटे तक चली बैठक में शहर में पुराने चल रहे 200 करोड़ रुपये के कामों की समीक्षा की गई। मेयर कुलभूषण गोयल ने 14 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे वृद्धाश्रम, गांव चौकी के लिए साढ़े छह करोड़ रुपये से बन रही सड़क, 5.66 करोड़ रुपये से बन रहे नॉन मोटराइज्ड ट्रैक, 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रही निगम की बिल्डिंग, गांवों में डाले जा रहे सीवर एवं पानी की पाइपें डालने की समीक्षा की गई। एसई विजय गोयल ने बताया कि 31 अक्टूबर तक गांवों में सीवर डालने का काम पूरा होने की संभावना है। एनएमटी का काम अगस्त तक पूरा कर दिया जाएगा।
बैठक में निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह, संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, कमेटी के सदस्य पार्षद सुनीत सिंगला, पार्षद गुरमेल कौर, उपनिगम आयुक्त अमन ढांडा, एसई विजय गोयल, एक्सईएन संजीव गुप्ता, सीनियर अकाउंट ऑफिसर धर्मपाल वर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में नगर निगम की जनवरी माह में हुई पहली बैठक के 15 एजेंडे पर ही चर्चा की गई। मेयर ने शहर में विकास के लिए लगने वाले टेंडर को विस्तृत तरीके से समझाकर उन्हें तुरंत लगाने के निर्देश दिए। तीन करोड़ रुपये के वाहन एवं उपकरण खरीदने के लिये प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इससे डंपर प्लेसर, जेसीबी, कैटल कैचर, 10 मोबाइल टॉयलेट्स खरीदे जाएंगे।
रोड रोलर और जेसीबी खरीदने के लिए भी कहा गया है। मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि घास लगाने के काम, सामुदायिक केंद्रों की रेनोवेशन, पार्कों में काम पूरा करने के लिए कहा गया। सुखदर्शनपुर डॉग पोंड में घायल कुत्तों के इलाज के लिए अस्पताल बनाने का काम भी पूरा करने के निर्देश दिए। एक्सईएन संजीव गुप्ता ने कहा कि इस अस्पताल का काम सितंबर 2021 तक पूरा हो जाएगा। निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह ने मेयर को आश्वासन दिया कि शहर के विकास के लिए जितने भी एजेंडे हैं, उन पर सभी अधिकारी तेजी से मिलकर काम करेंगे। शहर के विकास में रुकावट नहीं आने दी जाएगी।