इंजीनियरिंग विंग के 29 और एनयूएलएम के 10 कर्मचारी भी शामिल
मेयर ने जताई नाराजगी, बोले-दो दिन का वेतन काटा जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नगर निगम कार्यालय में ड्यूटी पर उपस्थित रहने के आदेशों के बाद जांच के लिए पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने सेक्टर 4 और 12ए की ब्रांच में छापा मारा। निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग विंग के 43 कर्मचारियों में से 29 गैरहाजिर पाए गए। बागवानी विंग एक से 40 में 9, बागवानी विंग 36 में भी 9, जूनियर इंजीनियर रोहित सैनी की ब्रांच से 21 में से चार, जोनल टैक्सेशन ब्रांच में 13 में से 2, बिल्डिंग ब्रांच में 8 में से 2, नेशनल अर्बन लाइवलीहुड मिशन ब्रांच में 12 में से 10, अतिक्रमण हटाओ ब्रांच में 37 में से 4 और सुड्डा स्टाफ के पांचों कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने जूनियर इंजीनियर हितांशु बंसल, हेल्पर प्रदीप को बार-बार बुलाकर रजिस्टर दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वह खुद नहीं आए। बाद में रजिस्टर में एक पेन से सारी हाजिरी भरकर भेज दी गई। महापौर ने निर्देश दिया है कि गैर हाजिर पाए 74 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लिया जाए और सभी का 2 दिन का वेतन काटा जाए।
कुलभूषण गोयल के औचक निरीक्षण में पाया गया कि कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों ने शनिवार की छुट्टी पहले से ही रजिस्टर में भर रखी थी, जबकि आयुक्त की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं कि शनिवार को कार्यालय लगेगा और ड्यूटी पर आना अनिवार्य है। महापौर ने जांच में पाया कि एक शाखा में एक भी कर्मचारी नहीं था। बता दें कि कुलभूषण गोयल इससे पहले भी छापामार कार्रवाई कर चुके हैं। औचक निरीक्षण के दौरान कुलभूषण गोयल के साथ पार्षद सुरेश कुमार वर्मा, जय कौशिक, सोनिया सूद, सुनीत सिंगला भी थे। सेक्टर-4 और 12ए कार्यालय में अधिकतर ब्रांच में लोगों का आवागमन रहता है, कई लोग शिकायत लेकर आते हैं और कई लोग अपने काम लेकर आते हैं। महापौर कुलभूषण गोयल ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कर्मचारी सीटों पर नहीं होते और शनिवार को नहीं आते। दोपहर बाद ज्यादातर कर्मचारी 5 बजे से पहले ही गायब हो जाते हैं। जिसके चलते शिकायतों की सत्यता जानने के लिए मौके पर पहुंच कर जांच की और पाया कि कई सीटों से कर्मचारी गायब थे। कुलभूषण गोयल ने बताया कि नगर निगम के पास 540 कर्मचारी हैं, जिन्हें हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तहत रखा गया है। इन कर्मचारियों को हर महीने एक करोड़ 40 लाख का वेतन जाता है। इसके अलावा 645 कर्मचारी पालिका रोल पर हैं और लगभग 45 नियमित कर्मचारी हैं। महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में लगे कर्मचारियों को शनिवार को ड्यूटी करनी होगी, क्योंकि पंचकूला में ज्यादातर लोग नौकरीपेशा हैं और सरकारी कार्यालयों में काम करते हैं। जिन लोगों की शनिवार को छुट्टी होती है, वह लोग शनिवार को काम करवाने के लिए निगम कार्यालय में आते हैं। ऐसे में यदि कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं होंगे तो लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।