फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, झुग्गियों में रखा सारा सामान नष्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। सब्जी मंडी के पास और कोर्ट के पीछे बनी झुग्गियों में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब आठ झुग्गियां इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गईं। आगजनी में झुग्गियों में रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि आग लगने के समय झुग्गियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके से एक छोटा एलपीजी गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
समाजसेवी जसवीर सिंह जस्सा ने बताया कि समय रहते सूचना मिलने से आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक झुग्गियों में रखा सारा सामान जल चुका था। वहीं रोहित कुमार ने बताया कि वह कंपनी गए हुए थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो उनकी झुग्गी और घरेलू सामान आग में राख हो चुका था। उन्होंने बताया कि घटना के समय झुग्गियों में रहने वाले करीब 12 से 13 लोग मौके पर मौजूद नहीं थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।