चडीगढ़। आम आदमी पार्टी गोवा व गुजरात में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए अब पंजाब माॅडल का सहारा ले रही है। इसकी कमान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संभाली है। वीरवार को सीएम मान गोवा व अहमदाबाद दौरे पर रहे। इस दौरान जहां उन्होंने वहां प्रेसवार्ताओं का संबोधित किया वहीं स्थानीय लोगों व आप कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। सीएम ने अहमदाबाद के थलतेज स्थित गोबिंद धाम गुरुद्वारे में माथा भी टेका।
पंजाब में आप ने दिल्ली मॉडल के सहारे साल 2022 में अपनी सरकार बनाई थी। उसके बाद पिछले चार साल में सूबे में कई ऐसी योजनाएं लॉन्च की गई जिसके आधार पर अब पंजाब मॉडल तैयार किया गया। इसी पंजाब माॅडल को आदर्श बनाकर आप गुजरात और गोवा में मतदाताओं को रिझाना चाहती है।
वीरवार को गोवा व अहमदाबाद में सीएम भगवंत मान ने इसी पंजाब मॉडल को पेश किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सेहत योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इसका लाभ पंजाब के सभी करीब 65 लाख परिवारों को मिलेगा। इसके तहत परिवार के सभी सदस्यों को हर साल 10 लाख रुपये का निशुल्क इलाज मिलेगा और इसके लिए सरकारी व निजी कुल 861 से अधिक अस्पताल सूचीबद्ध हो चुके हैं।
सीएम ने दोनों सूबों में आम आदमी क्लीनिक, 600 यूनिट पर मुफ्त बिजली योजना, कृषि कार्याें के लिए निशुल्क बिजली, एमिनेंस स्कूल, विदेशों में शिक्षकों का प्रशिक्षण, इन्वेस्ट पंजाब, खेल सुविधाओं का विस्तार समेत अन्य कई परियोजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा विभिन्न एजेंसियों के जरिये लोगों को डराने व विधायकों की खरीद-फरोख्त के काम में जुटकर सरकारें बनाती हैं मगर आप सरकार आम लोगों के दम पर सरकार बनाती है। उन्होंने कहा कि आप के अधिकतर नेता सामाजिक पृष्ठभूमि से हैं। सीएम मान ने गोवा व गुजरात के मतदाताओं से एक बार मौका देने की अपील की।