चंडीगढ़। टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल और रजत पदक विजेता सिंहराज को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बधाई दी। सीएम ने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाले मनीष नरवाल को 6 करोड़ और सिंहराज को 4 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दोनों को सरकारी नौकरी भी सरकार देगी।
खेल नीति के अनुसार पैरालंपिक खिलाड़ियों को सामान्य खिलाड़ियों की तरह सम्मान, पुरस्कार, सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। खेल एवं युवा मामले के राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सरकार ने खेल नीति में बदलाव करते हुए ओलंपिक और पैरालंपिक में क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ियों को 5 लाख रुपये एडवांस प्रोत्साहन राशि के रूप में देने की योजना शुरू की है।