तेज बारिश में अचानक बढ़े पानी के बहाव में बहा राजेश, बचाने उतरा साथी रणधीर किसी तरह निकला बाहर देर शाम तक नहीं मिला सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। तेज बारिश के दौरान मंगलवार शाम राजीव कॉलोनी में बरसाती नाले का तेज बहाव एक व्यक्ति को बहा ले गया। राजीव कॉलोनी निवासी राजेश अपने जानकार रणधीर के साथ बरसाती नाले के पास मौजूद था। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और राजेश का पैर फिसलने से वह नाले में जा गिरा। उसे बचाने के लिए रणधीर भी पानी में उतर गया, लेकिन वह किसी तरह बाहर निकल आया। इसके बाद राजेश तेज बहाव में बह गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। देर शाम करीब सात बजे एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सर्च अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक राजेश का कोई सुराग नहीं मिला।
राजेश राजीव कॉलोनी का रहने वाला है और कबाड़ का काम करता है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम तेज बारिश के दौरान वह रणधीर के साथ नाले के पास था। पानी का बहाव बढ़ने के बाद वह उसमें बह गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी के तेज बहाव वाले हिस्सों में राजेश की तलाश शुरू की।
बचाने उतरा रणधीर, किसी तरह बची जान
राजेश के नाले में गिरने के बाद रणधीर उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया था। तेज बहाव के बीच वह भी मुश्किल में फंस गया, लेकिन किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा। राजेश को तेज बहाव अपने साथ बहा ले गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी उसकी तलाश की।
बरसाती नाले में पहले भी हो चुके हैं हादसे
राजीव कॉलोनी और बुढ़नपुर के बीच से गुजरने वाले बरसाती नाले में पहले भी हादसे हो चुके हैं। जुलाई 2024 में तेज बारिश के दौरान बुढ़नपुर में 10 वर्षीय बच्चा बरसाती नाले में बह गया था। बच्चे की तलाश के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की टीम ने अभियान चलाया था। लोगों के अनुसार, बरसात के दौरान नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो जाता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बना रहता है। मंगलवार को राजेश के बहने की घटना के बाद एक बार फिर बरसाती नाले की सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें राजेश की तलाश में जुटी हुई हैं।