संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। गांव दिला राम में जमीन विवाद के चलते कुछ लोगों ने पीट-पीटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। आरोपियों ने हमला कर मृतक के बेटे को गंभीर जख्मी कर दिया। इस मामले में थाना लक्खोके बहराम पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव दिला राम निवासी रमनदीप कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है कि उनका गांव के ही कुछ लोगों के साथ लगभग आठ साल से जमीन विवाद चल रहा था। वह और उसका पिता गुरनाम चंद अपने खेतों में काम करने गए थे। वहां आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रमनदीप के अनुसार, गांव के लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने रमनदीप की शिकायत पर गांव दिला राम निवासी संदीप कुमार, हरमेश लाल, महंगा राम व लेखराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न जगहों पर दबिश दे रही है।