संवाद न्यूज एजेंसी
अमृजसर। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष ससोदिया ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से मुलाकात की। वे पंजाब सरकार द्वारा उच्च शिक्षा में लागू किए गए नए विषय पंजाब एंटरप्रेन्योरशिप माइंड कार्यक्रम के संबंध में यहां पहुंचे थे। उन्होंने बिजनेस से संबंधित इस नए विषय पर छात्रों के साथ खुलकर चर्चा की।
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय पहुंचने पर विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. करमजीत सिंह ने मनीष सिसोदिया का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लागू किए इस नए विषय से विद्यार्थियों में नया व्यवसाय शुरू करने की प्रवृत्ति विकसित होगी। साथ ही नए व्यवसाय शुरू करने में आने वाली समस्याओं का समाधान खोजने की संभावना भी पैदा होगी।
सिसोदिया ने बताया कि यह नया विषय पंजाब उद्यमिता मानसिकता कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर अमृतसर के अलावा रीजनल कैंपसों, कांस्टीट्यूएंट काॅलेजों और विश्वविद्यालय से संबंद्ध 88 काॅलेजों में भी लागू किया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी सरकार पंजाब के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक नए दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है, जिससे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के बाद आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़े हो सकें। मौके पर स्वर्ण जयंती उद्यमिता एवं नवाचार केंद्र के निदेशक डॉ. बलविंदर सिंह, डॉ. तेजवंत सिंह कंग व डॉ. आराधना भी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम विकासशील देशों में शामिल हैं और यदि हमें अपने देश को विकसित देशों की श्रेणी में लाना है तो हमें देश के विद्यार्थियों में छिपे व्यावसायिक कौशल को पहचानना होगा। पंजाब सरकार पंजाब के विद्यार्थियों में व्यवसाय करने की प्रवृत्ति को और बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।