पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 टीम ने 285 ग्राम हेरोइन तस्करी मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्य सप्लायर तौकिर अली उर्फ सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
पहले पुलिस ने स्वामी देवीदयाल कॉलेज के सामने मुख्य हाईवे पर इदनान, निवासी सहारनपुर को काबू किया था। तलाशी में उसके कब्जे से 285 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 8 लाख 14 हजार रुपये आंकी गई थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। अदालत ने इदनान को तीन दिन के रिमांड पर भेजा था।
रिमांड के दौरान पूछताछ में इदनान ने बताया कि उसने यह नशा यूपी के एक बड़े सप्लायर से खरीदकर पंचकूला में सप्लाई करना था। जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच टीम ने शामली और सहारनपुर में दबिश देकर तौकिर अली उर्फ सलमान (24), निवासी गांव भूरा, जिला शामली, उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार कर लिया।