पंचकूला। महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु आज शहर के प्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिर सकेतड़ी समेत जिले के अन्य मंदिरों में शिवलिंग का जलाभिषेक करेंगे। शहर के मंदिरों को शानदार फूलों और लाइटों से सजाया गया है। मंदिरों के कपाट देर रात 12 बजे से खोल दिए जाएंगे। सकेतड़ी मंदिर के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर 280 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर के आसपास जाम से बचने के लिए पुलिस द्वारा सात नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने की श्रद्धालुओं से अपील की गई है।
इसके अलावा पंचकूला के सेक्टर-9 प्राचीन शिव मंदिर, गौरी शंकर मंदिर सेक्टर-17 सहित शहर के अन्य मंदिरों के कपाट अल सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। शहर के सभी मंदिरों में मास्क और सामाजिक दूरी बनाकर ही लोगों को दर्शन करने की अनुमति दी गई है। पंचकूला पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने लोगों से अपील की है कि लोग मंदिर में सामाजिक दूरी का पालन कर पूजा अर्चना करें। डीसीपी मोहित हांडा ने बताया कि पुलिस ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था में 280 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
इसके अलावा पुलिस की पेट्रोलिंग के लिए पांच गाड़ियों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पांच पेट्रोलिंग पार्टी को तैनात किया गया है। सकेतड़ी में मेले के दौरान किसी भी प्रकार से असामाजिक गतिविधि उत्पन्न ना हों। मेले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर महिला रिजर्व पुलिस बल को अलर्ट किया गया है। इस दौरान खुफिया तंत्र भी सक्रिय रहेगा।