पंचकूला। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति तथा जनरल हाउस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन के हरियाणा के प्रदेश प्रधान कुलभूषण गोयल ने सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन की गतिविधियों और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए महाराजा अग्रसेन की नीतियों और आदर्शों पर चलना अत्यंत आवश्यक है। महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, सहयोग और सेवा की भावना का संदेश दिया था, जिसे आज भी अपनाकर समाज को संगठित और सशक्त बनाया जा सकता है। सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करें। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, समाजहित के विभिन्न कार्यक्रमों तथा भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गोपाल शरण गर्ग, सीबी गोयल, आनंद सिंगला और दीपक जिंदल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।