पंचकूला। लोक आस्था के महापर्व पर सोमवार की शाम भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य दिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छठ व्रतियों के साथ अर्घ्य देते हुए छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। इस महोत्सव का घग्गर तट, अभयपुर व सेक्टर-19 के घाटों पर छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। सेक्टर-21 घग्गर नदी के किनारे शाम चार बजे के बाद युवा से लेकर बुजुर्ग, पुरुष व महिलाएं कठिन व्रत के बीच नंगे पांव घाटों की ओर जाती दिखीं। श्रद्धालुओं ने सिर पर प्रसाद से भरी बांस की टोकरियां ली हुई थीं। उसमें छठ पर्व पर चढ़ने वाले प्रसाद में (गन्ना, ठेकुआ के अलावा केला और अन्य मौसमी फल) थे। घाट पर आतिशबाजी भी की गई। घाट को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज और पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता रहीं। छठ घाट पर 34 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने छठ मईया की पूजा अर्चना की।
सीएम के चक्कर में 45 मिनट तक व्रतियों को रोका, समय से घाट पर नहीं पहुंचे श्रद्धालु
सेक्टर-21 घग्गर नदी तट पर राज्यस्तरीय छठ पूजा महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि थे। उनके आने का समय शाम करीब 4.30 बजे था। इससे पहले ही पुलिस ने रास्ता बंद कर दिया था। जब तक सीएम छठ घाट तक नहीं पहुंचे, छठ व्रतियों को आगे नहीं जाने नहीं दिया गया। जिसके चलते व्रतियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-16 निवासी रंजू शर्मा ने बताया कि करीब 45 मिनट तक रोके रखा।सेक्टर-26 निवासी दिनेश ने बताया कि घाट से एक किलोमीटर दूर गाड़ी खड़ी करनी पड़ी। पार्किंग के लिए कहीं जगह नहीं मिला। लोगों की मदद के बजाय पुलिस कर्मियों ने रोड पर खड़ी वाहनों की चालान के लिए फोटो खींचते नजर आए।
गांव अभयपुर में छह पूजा में सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। इस कार्यक्रम में पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल, सहित कई गणमान्य अतिथि पहुंचे। पूर्वांचल युवा एकता मंच छठ पूजा समिति के प्रधान अंकुश निषाद ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन स्थल प्राचीन शिव मंदिर के पास तैयार किया गया था, जहां चारों ओर भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा। आयोजन में छठ पूजा समिति के प्रधान जितेंद्र कुशवाहा , उपाध्यक्ष परमजीत सिंह यादव सहित कई सदस्य शामिल हुए।