पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से सेक्टर-5 के परेड ग्राउंड के पास रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर ठंड और कोरोना महामारी के कारण अस्पतालों में आई रक्त की कमी को पूरा करने के लिए लगाया गया। इसमें इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा पंचकूला ने अहम भूमिका निभाई। शिविर में 311 लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया।
विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर में रक्त एकत्रित करने में ब्लड बैंक चंडीगढ़ से पीजीआई, जीएमसीएच-32, रोटरी एंड ब्लड बैंक सोसाइटी रिसोर्स सेंटर सेक्टर-37, पंचकूला से पारस अस्पताल, पंचकूला वेलफेयर ट्रस्ट, एमकेयर ब्लड बैंक जीरकपुर ने सहयोग किया। फाउंडेशन ने शिविर में आए सभी रक्तदानियों को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन, स्मृति चिन्ह और गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया।