पिंजौर। प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की एक जिला स्तरीय बैठक सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल एचएमटी टाउनशिप पिंजौर में हुई। बैठक में भारी संख्या में पंचकूला, पिंजौर के निजी स्कूल संचालकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान एसोसिएशन ने दावा किया कि सरकार द्वारा संक्रमण के मद्देनजर स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
इससे अभिभावक और स्कूल संचालक संतुष्ट नहीं हैं। स्कूल बंद करने से बच्चों की पढ़ाई का नुकसान तो हो ही रहा है साथ ही घर में ऑनलाइन पढ़ाई करने से बच्चों के शरीर की प्रतिरोधक क्षमता खत्म हो रही है। एसोसिएशन प्रदेशाध्यक्ष रामअवतार शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा स्कूल बंद करने के निर्णय से न तो बच्चे न ही उनके अभिभावक और न ही स्कूल संचालक संतुष्ट हैं। दो साल से स्कूल बंद ही पड़े हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई का पहले ही बहुत नुकसान हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड बैंक और यूनिसेफ जैसी इंटरनेशनल संस्थाओं ने भी कहा है कि स्कूल खोलने से संक्रमण में तेजी आने का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
एसोसिएशन ने सरकार से आग्रह किया है कि वे बच्चों, अभिभावकों और देशहित में स्कूलों को खोलने का आदेश जारी करें। इस अवसर पर रामअवतार शर्मा प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश सचिव पीयूष पुंज, शैलेश जिला अध्यक्ष पंचकूला, एसएस वर्मा महासचिव सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।