सेक्टर-7 से 21 तक बाजारों में बढ़ी रौनक, 10 से 1500 रुपये तक की राखियां डिजाइनर और बच्चों की राखियों की सबसे ज्यादा मांग
भाई की पसंद के हिसाब से राखी चुनने में जुटीं बहनें, मिठाई, गिफ्ट पैक और पूजा की थालियों की बिक्री भी बढ़ी
चरन सिंह टिब्बी
पंचकूला। भाई की कलाई पर प्यार की डोर बांधने का इंतजार अब बाजारों में भी नजर आने लगा है। रक्षाबंधन से पहले पंचकूला के बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज गए हैं और बहनें भाई के लिए पसंदीदा राखी चुनने में जुटी हैं। सेक्टर-7, 8, 9, 10, 14, 15, 20 और 21 के बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी हुई है। कहीं छोटी बहनों के लिए कार्टून वाली राखियां आकर्षण का केंद्र हैं तो कहीं डिजाइनर, मोती, चंदन और रुद्राक्ष की राखियां ग्राहकों को लुभा रही हैं। बाजार में 10 से 1500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं।
रक्षाबंधन की खरीदारी सिर्फ राखी तक सीमित नहीं है। दुकानों पर मिठाई, रोली, चावल, पूजा सामग्री, गिफ्ट पैक और सजी हुई पूजा की थालियां भी खूब खरीदी जा रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अगले दो दिन बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है। संवाद
भाई की पसंद की राखी चुनने में लग रहा समय
सेक्टर-8 की सोनम ने बताया कि भाई के लिए राखी चुनना उनके लिए हर साल खास होता है। इस बार उन्होंने करीब 800 रुपये की राखी खरीदी है। सेक्टर-7 की रिया ने बताया कि बाजार में इतनी वैरायटी है कि एक राखी पसंद करने में ही काफी समय लग रहा है। वह भाई की पसंद को ध्यान में रखकर राखी खरीद रही हैं। सेक्टर-9 की काजल ने बताया कि इस बार राखियों में कई नए डिजाइन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने भाई की पसंद के अनुसार राखी खरीदी है। सेक्टर-12 की पिंकी ने बताया कि राखी के साथ मिठाई और पूजा का सामान भी लिया है।
60 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की भी राखियां खरीदीं
दुकानदारों के अनुसार बच्चों की कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों के अलावा डिजाइनर राखियों की मांग अधिक है। सेक्टर-15 की ज्योति सहित नेहा, आरती, प्रीति, सोनिया, कृष्णा, गुंजन, मोनिका और सुशीला ने भी राखियों की खरीदारी की। इनमें कई महिलाओं ने 60, 70, 100, 200, 600 और 1000 रुपये तक की राखियां खरीदीं। दुकानों पर भाई-बहन के रिश्ते को खास बनाने के लिए आकर्षक गिफ्ट पैक भी उपलब्ध हैं। बाजारों में राखियों की खरीदारी के साथ त्योहार का उत्साह साफ नजर आ रहा है और दुकानदारों को रक्षाबंधन तक अच्छी बिक्री की उम्मीद है।