पंचकूला। सेक्टर-20 में पांच सड़कें टूटी हुई हैं। खस्ताहाल सड़कों के चलते सोसाइटियों के लोगों में रोष है। कई बार यहां के स्थानीय लोगों ने सड़कों में बने गड्ढों में पौधे लगाए हैं। उसके बाद भी विभाग हरकत में नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे सेक्टर में 120 ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी और तीन गांवों को मिलाकर करीब 50 हजार लोग यहां रहते हैं। उसके बाद भी नगर निगम के बदहाल सड़कों की रिकार्पेटिंग पर ध्यान नहीं है। कुंडी मार्ग पर टूटी सड़कों पर गिरकर लोग कई बार गिरकर चोटिल चुके हैं।
यहां की टूटी सड़कें
-पेट्रोल के पंप, गुरुकुल स्कूल के सामने
- सोसाइटी नंबर 94 के सामने वाली सड़क
- जीएस-41 के सामने बीटा बूथ वाली सड़क टूटी
-1 04 जी के सामने वाली सड़क टूटी
-कुंडी गांव के सामने की सड़क टूटी
छह साल से शहर की सड़कें खराब हालत में हैं। इनके निर्माण के लिए सेक्टरवासी वार्ड के पार्षद, निगम मेयर, कमिश्नर और नगर निगम के अन्य सभी जिम्मेदार अधिकारियों के सामने प्रार्थना-पत्र लिखकर थक चुके हैं, लेकिन सड़कों का निर्माण नहीं किया जा रहा है। - योगिंदर क्वात्रा, निवासी मयूर बिहार, को-ऑपरेटिव उपप्रधान सेक्टर-20 पंचकूला।
पिछले 15 साल से सेक्टर-104 एफ, जी, एच और आई के सामने बनी आरसीसी की सड़क रिपेयर नहीं की गई है। इस संबंध में नगर निगम महापौर, पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता सहित नगर निगम के अधिकारियों से कई बार मिलकर सड़कों की रिकार्पेटिंग के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुन नहीं रहा है। -अविनाश मलिक, 104 जी तिरुपति को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी पंचकूला।
सेक्टर-20 के कुंडी गांव की मुख्य सड़क पर काफी बड़ा गड्ढा हो गया है। जहां वाहन चालक कई बार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। दो लोगों की बाजू भी टूट चुकी है। नगर निगम सेक्टर-20 के सड़कों की रिकार्पेटिंग पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। - दीपक राठी, सेक्टर-20 पार्ट टू पंचकूला।
सेक्टर-20 की मुख्य सड़कों का टेंडर हो गया है। करीब 90 लाख रुपये की लागत से सड़कों की रिकार्पेटिंग होगी। फरवरी में सड़कों की रिकार्पेटिंग का काम शुरू होगा। वहीं इंटरनल सड़कों की रिकार्पेटिंग के लिए एस्टीमेट तैयार हो चुका है। जल्द ही सड़कों की रिकार्पेटिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - सुशील गर्ग, स्थानीय पार्षद सेक्टर-20 पंचकूला