पंचकूला। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद से पूरे प्रदेश में लॉकडाउन है, लेकिन आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आम जनता तक आवश्यक खाद्य सामग्री जैसे सब्जी, फल एवं राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। इस जिम्मेदारी को पंचकूला प्रशासन बखूबी निभा रहा है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि पंचकूला मार्केट कमेटी द्वारा लगभग 160 रेहड़ी-फड़ी व ट्राली पर सब्जी-फल बेचने वाले लोगों को पूरे शहर में लगाया गया है। इसके अलावा राशन, दूध, ब्रेड के दुकानदारों को भी अनुमति प्रदान की गई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति दूरभाष पर भी कॉल करके घर बैठे सामान मंगवा सकता है।
उन्होंने बताया कि रेहड़ी-फड़ी व ट्राली द्वारा पंचकूला शहर, कालका, पिंजौर के विभिन्न क्षेत्रों में सब्जी व फल पहुंचाया जा रहा है। सभी विक्रेताओं के पहचानपत्र बनाए गए हैं। चंडीगढ़ सेक्टर-26 मंडी से पंचकूला की आपूर्ति पर फर्क पड़ रहा था, लेकिन अब पंचकूला सेब मंडी के विक्रेताओं से बातचीत करके तीन ट्रेडर्स से माल मिलना शुरू हो गया है। अब किसी प्रकार की भी कोई दिक्कत नहीं है। इसी प्रकार बरवाला में मेहता ट्रेडर्स फल सप्लाई करेंगे। इन्हें संतरा, किन्नू उचित दामों पर शहर में सप्लाई करने को कहा गया है। चंडीगढ़ सेक्टर-26 के ग्रेन मार्केट से राशन की आपूर्ति करने व सब्जी के थोक विक्रेता को सब्जी सप्लाई करने के प्रबंध करवा दिए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि सभी कर्मचारियों को यह आदेश दिए गए हैं कि वह सब्जी व फल विक्रेताओं से उचित दूरी बनाए रखें। सब्जी व फल विक्रेताओं को भी दस्ताने, सैनिटाइजर व मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।
सरकार की पहल सराहनीय
संत राम बतौड़ गांव के किसान कालका व पिंजौर क्षेत्र में सब्जी बेचने की जिम्मेदारी निभा रहें हैं। किसान मंडी में काम करने वाले मधुकर ने बताया कि उनका यही प्रयास रहेगा कि जिस क्षेत्र में सब्जी बेचने की इजाजत उन्हें मार्केट कमेटी ने दी है वह उसी क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक सब्जी पहुंचाने का काम बखूबी निभाएंगे। सेक्टर- 20 निवासी नरेश ने कहा कि सरकार उनके सेक्टर में ही सब्जी उपलब्ध करवा रही है। विपिन प्रीत सिंह ने बताया कि सरकार ने आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने की जो पहल की है सराहनीय है।
कोट
सब्जी व फल विक्रेता उचित दामों पर सब्जी व फल लोगों तक पहुंचाएं। इसके लिए एक अधिकतम कीमत भी निर्धारित कर दी गई है। जो भी विक्रेता इस कीमत से अधिक पर फल या सब्जी बेचेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- धर्मेंद्र, सचिव, पंचकूला मार्केट कमेटी