दुकान से दूध, बिस्कुट और कोल्ड ड्रिंक ले उड़े चोर
राशन पानी का संकट गहराया, चोरों ने दुकान में किया हाथ साफ
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। प्रदेश में लॉक डाउन के आदेशों के बाद से लोगों के लिए राशन पानी का संकट गहराया हुआ है। लोगों के सामने घरों से बाहर निकलने पर कानूनी कार्रवाई की चिंता है तो अधिकांश जगहों पर प्रशासनिक मदद भी समय से नहीं पहुंच पा रही है।
इन हालातों के चलते अज्ञात चोरों ने खड़ग मंगौली में रोड किनारे एक दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान से दूध के पैकेट, बिस्कुट के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक और चिप्स के पैकेट पर हाथ साफ कर गए।
वारदात का पता उस समय लगा, जब दुकान के संचालक खड़ग मंगौली के ही रहने वाले राकेश शर्मा वीरवार की सुबह करीब छह बजे दुकान पर दूध रखवाने पहुंचे तो उन्होंने दुकान का ताला टूटा देखा। इसके बाद जब दुकान के अंदर जांच की तो दूध, चिप्स, बिस्कुट व कोल्ड ड्रिंक सहित करीब चार-पांच हजार रुपये के खाद्य पदार्थ चोरी पाए।
फिर उन्होंने वारदात की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-7 के पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच कर राकेश शर्मा की शिकायत ली। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों का सुराग तलाशने के प्रयास में जुटी है।