विधानसभा अध्यक्ष ने आयोजित समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की स्थिति का लिया जायजामाई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों को सूचीबद्ध किया जाए। सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री नायब सिंह के सामने रखकर उनका हल करवाया जाएगा। पंचकूला के लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने डीसी डाॅ. यश गर्ग से शिविर में आने वाली शिकायतों की जानकारी और शिकायतें सुनने की प्रक्रिया की जानकारी ली। डीसी डा. यश गर्ग ने बताया कि शिविर में अधिकतर समस्याएं परिवार पहचान पत्र से संबंधित हैं। इनमें इनकम, पीपीपी बनवाने, पेंशन बनवाने, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि शामिल हैं। इन शिकायतों की उसी दिन वेरिफाई करवाकर अगले दिन पोर्टल पर चढ़ाया जा रहा है। जहां उनका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यहां शिकायत लेकर आने वाले जिलावासियों को एक के बाद एक करके बुलाया जाता है, बाकी शिकायतकर्ताओं को वेटिंग हाॅल में बैठने की सुविधा दी गई है।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव से की बात
विधानसभा अध्यक्ष ने शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर से फोन पर बातचीत की। उन्होंने अवगत करवाया कि परिवार पहचान पत्र की समस्याएं हल करने में पोर्टल अब भी पुरानी पाॅलिसी के तहत ही समस्याओं का समाधान कर रहा है। पोर्टल नई पाॅलिसी के तहत चलेगा तो अधिकतर समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सकेगा। ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि इस सप्ताह में परिवार पहचान पत्र के सभी अपडेट पूरे हो जाएंगे। इसके बाद शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी। वह इन शिकायतों को खुद मुख्यमंत्री के पास लेकर जाएंगे।
अमृत योजना का काम हो पूरा
ज्ञानचंद गुप्ता ने नगर निगम के कमिश्नर को निर्देश दिए कि निगम के पास अमृत योजना का फंड बचा हुआ है। इस फंड से निगम के तहत आने वाले परिवारों को पानी व सीवर का कनेक्शन दिया जाए। ताकि लोगों की परेशानी दूर हो सके। उन्होंने खड़क मंगोली में नाले की सफाई को लेकर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो समाधान शिविर में आने वाले शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाना सुनिश्चित करें।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक, पूर्व विधायक कालका लतिका शर्मा, जिला परिषद सीईओ गगनदीप सिंह, एसडीएम गौरव चैहान, नगराधीश मन्नत राणा सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।