बरवाला। सीएम फ्लाइंग और बरवाला पुलिस चौकी टीम ने शराब बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने बरवाला भरैली मार्ग पर एक मकान से शराब बनाने का सामान, 550 ढक्कन, नकली होलोग्राम, विभिन्न ब्रांडों की 2182 बोतलें, सीरा और एक टैंपू बरामद किया है। पुलिस ने एक्साइट एक्ट के तहत थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज किया है। पुलिस को सूचना मिली कि बरवाला भरैली मार्ग पर एक मकान में शराब बनाने का धंधा अवैध रूप से चल रहा है। सूचना के आधार पर बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह और सीएम फ्लाइंग की टीम ने मकान मालिक को बुलाया। जब मकान मालिक ने बाहर लगी कुंडी को खोलकर आवाज लगाई तो अंदर से न तो कोई आवाज आई और न ही कोई बाहर आया।
टीम को यह सामान मिला
मकान के अंदर एक छोटा हाथी (टैंपू) खड़ा मिला। उस पर तिरपाल ढकी थी। टैंपू की बॉडी में पीछे की तरफ नीले रंग के प्लास्टिक के दो ड्रम रखे थे। उसमें कुछ तरल पदार्थ भरा था। जब आबकारी विभाग के निरीक्षक अधिकारी बालकृष्ण ने टैंपू में रखे तरल पदार्थ को सूंघकर चेक किया तो उन्होंने बताया कि यह तरल पदार्थ ईएनए है। यह शराब तैयार करने में उपयोग होता है। इसके अलावा जब मकान मालिक को साथ लेकर अंदर जांच की गई तो कमरे में एक मशीन मिली। उस पर राजिन्द्र लिखा था, जो शराब की बोतलाें पर ढक्कन लगाकर सील करने के काम आती है। इसी के साथ एक 300 लिटर की सफेद रंग की टंकी मिली। उसके ताराें तरफ टूंटियां लगी हुई थी। एक सफेद रंगी की कैनी मिली, जिसमें करीब 35 लिटर सीरा मौजूद था। इसके अलावा एक थैले में खाली बोतलों के करीब 550 ढक्कन मिले। वहीं नकली होलोग्राम मार्का सीएल (काउंट्री लिक्वर) के 51 और 777 मार्का लगी व्हिस्की की खाली बोतलेें मिली। उन पर लिखा था सेल फोर हरियाणा, चंडीगढ़, यूटी ओनली व्हिस्की और 360 खाली बोतलें फॉस्ट च्वाइस मसालेदार सेल इन हरियाणा मिली। 22 बोतलें मार्का ओल्ड फोक्स पंजाब सेल की मिली। करीब 1800 बोतलें बिना मार्का के बरामद हुई।
किराए पर दिया है मकान
मकान मालिक ने जांच टीम को बताया कि यह मकान उसके लड़के लवप्रीत ने अपने जानकार दीपी पुत्र सोना वासी गांव भरैली के कहने पर संजय शर्मा पुत्र राजकुमार निवासी मकान नंबर- 2691 राधा विहार कॉलोनी नुमाइश कैंप सहारनपुर उत्तर-प्रदेश को 10 अप्रैल को दिया था। संजय शर्मा के साथी मोहित शर्मा ठेकेदार ने अपनी लेबर को रखने के लिए मकान किराए पर लिया था। उपरोक्त सामान को देखकर निरीक्षक बालकृष्ण ने बताया की यह सारा समान शराब तैयार करने के लिए इकट्ठा किया गया है। उपरोक्त लोगों द्वारा मिलीभगत से शराब तैयार करने के लिए जाली मार्का तैयार कर टैंपू, शराब बनाने का सामान, जाली नंबर प्लेट के अलावा अन्य सामान टीम ने बरामद किया है। टीम के अनुसर शराब बनाने की फैक्ट्री सरकार की अनुमति के बगैर ही चला रहे थे। पुलिस ने एक्साइट एक्ट के तहत पुलिस थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।