चंडीमंदिर। वार्ड नंबर-18 स्थित महादेव कॉलोनी में रेलवे पुल के पास पिछले करीब पांच महीनों से पेयजल की मेन लाइन लीक होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लीकेज वाली जगह के साथ ही कूड़ेदान रखा होने के कारण आसपास फैला कूड़ा और गंदगी पानी में मिल रही है, जिससे लोगों के घरों तक दूषित पानी पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सर्दियों में समस्या का असर कम दिखाई देता था लेकिन गर्मियों में हालात गंभीर हो गए हैं। महादेव कॉलोनी की जंगल वाली लाइन में पानी का प्रेशर नहीं बन पा रहा, जिसके चलते लोगों को करीब आधा किलोमीटर दूर से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। वहीं कई घरों में पिछले 15 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगे पानी के वॉल भी खराब पड़े हैं, जिसके कारण सप्लाई बाधित हो रही है।
लीकेज के चलते रेलवे पुल के नीचे भारी मात्रा में पानी जमा हो जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय बबली रावत, लाड्डी, मनोज, दीपू और अभय ने बताया कि कई बार जल विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। विभाग की ओर से खराब वाल जल्द बदलने का भरोसा दिया गया है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
जल्द समाधान नहीं तो धरना देंगे
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो मजबूर होकर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों ने मांग की है कि पेयजल लाइन की लीकेज तुरंत ठीक करवाई जाए और खराब वॉल बदला जाएं, ताकि गर्मियों में लोगों को स्वच्छ पानी और नियमित सप्लाई मिल सके।