माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। अभयपुर में अभी तक पानी की लीकेज ठीक नहीं हुई है। इससे अभी गंदे पानी की सप्लाई चालू है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे अभयपुर का सर्वे दोबारा करने का प्लान बनाया गया है। पानी की रिपोर्ट ठीक नहीं आने के कारण अभी तक लोगों में भय बना है।
पंचकूला में अब तक अभयपुर में 133 मामले सामने आ चुके हैं। अभी तक यहां पर कहीं भी पानी की सप्लाई पाइप से नहीं की जा रही है। इस कारण टैंकर में दिनभर पानी भरने के लिए लोग उपयोग कर रहे हैं। लोगों में रोष है कि पानी की लाइन का ठीक नहीं किया जा रहा है। इससे अन्य संक्रामक बीमारी फैलने का डर भी बना हुआ है। वहीं पंचकूला जिला मलेरिया अधिकारी सुरेश भोसले ने बताया कि अब तक 12 हजार घरों का सर्वे विभाग की ओर से किया जा रहा है।
अब दोबारा इसका सर्वे शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। 12 सदस्यीय टीम की ओर से सभी जगह लारवा के साथ पानी के सैंपल भी इकट्ठा किया जाएगा। अगर जहां पर भी लोग बीमार नजर आएंगे। उन्हें दवा भी दी जाएगी। पंचकूला की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि डायरिया, हैजा का केस सामने आया है। अब इस यहां पर टीम की ओर से दोबारा सर्वे किया जाएगा। इसके साथ दवा बांटी जाएगी। वहीं एचएसवीपी की ओर से लगातार पूरे अभयपुर में पानी के टैंकर से सप्लाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पानी की लाइन को दुरुस्त कर सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके सभी फॉल्ट विभाग की ओर से खोजकर एक सप्ताह में ठीक किए जाएंगे।