कालका। खेड़ा सीताराम निवासियों ने प्रॉपर्टी टैक्स के विरोध में कालका एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। वहीं कालका एसडीएम की बोर्ड की परीक्षाओं में ड्यूटी लगी होने के कारण तहसीलदार विरेंद्र गिल ने ज्ञापन लिया। ज्ञापन में लोगों ने कहा कि खेड़ा सीताराम नगर-निगम पंचकूला के कालका जोन के अंतर्गत पड़ता है लेकिन यहां सुविधाएं केवल नाममात्र की हैं।
उन्होंने कहा कि निगम द्वारा यहां प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर बिल भेज दिए गए हैं लेकिन जब मूलभूत सुविधाएं ही नहीं मिल रहीं तो टैक्स किस बात का अदा करें, इतना ही नहीं लोगों को इस टैक्स के मानदंड के बारे भी सही तरह से नहीं पता लग पाया है। लोगों ने कहा कि हमारे एरिया में पानी की आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया है साथ ही सीवरेज की लाइन भी नहीं डाली गई है, पानी की निकासी का बुरा हाल है जिसके चलते बारिशों के दौरान उनके एरिया के कुछ लोगों के घरों को लैंड स्लाइड के चलते भारी नुकसान भी झेलना पड़ा था।
बताया कि खेड़ा सीताराम में स्ट्रीट लाइटों की भी काफी कमी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि खेड़ा सीताराम के लोगों को बुनियादी सुविधाएं जल्द उपलब्ध करवाई जाएं और यहां प्रॉपर्टी टैक्स माफ किया जाए। इस अवसर पर राम रतन, सुनील कुमार, ओम प्रकाश, गुलशन, श्याम सिंह, रिखीराम, मदन मोहन सहित अन्य मौजूद रहे।