ताऊ देवी लाल स्टेडियम में शरथ कमल पत्रकारों से बातचीत करते हुए।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। टेबल टेनिस खिलाड़ी और नौ बार के नेशनल चैंपियन शरथ कमल दसवीं बार खिताबी दौड़ में उतरने को तैयार हैं। उनके लिए यह खिताब काफी खास होने वाला है। जहां तक चुनौतियों का सवाल है तो शरथ कमल कहते हैं कि अबकी बार किसी के बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में शरत कमल ने कहा कि 10वां राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिताब उनके लिए काफी खास होने वाला है।
शरथ ने कहा कि राष्ट्रीय खिताब के लिए खेलना दूसरे खिताब से हटकर है। उन्होंने कहा कि काफी वर्षों से वे चैलेंज स्वीकार कर रहे हैं। इस बार राष्ट्रीय खिताब जीतने के उत्सुक हैं लेकिन प्रबल दावेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अबकी बार कोई नहीं जानता कि अन्य खिलाड़ी क्या तैयारी करके आए हैं। 11 माह से ट्रेनिंग के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि तैयारी कर ली है, चैंपियनशिप के लिए एकदम तैयार हैं।
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शनिवार से होने वाली सीनियर नेशनल टीटी चैंपियनशिप में जी साथियन भी अपना पहला और हरमीत देसाई अपने खिताब को बरकरार रखने के प्रयास में हैं। दोबारा वापसी करने वाले सौम्यजीत घोष भी खुद को साबित करने का पूरा प्रयास करेंगे और युवा पीढ़ी के मानल ठक्कर भी यहां हैं, निश्चित तौर से एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। शरथ को आशा है कि वह मनिका बत्रा के साथ ओलंपिक के मिक्स्ड डबल्स के ड्रा में खेलेंगे। उन्होंने कहा कि दोहा में उन सभी के लिए काफी संभावनाएं हैं।
शरथ ने कहा कि यह चैंपियनशिप दोहा में होने वाले चार महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए टेबल टेनिस के खिलाड़ियों के लिए एक टेस्टिंग प्लेटफार्म है। इस स्क्वैयड में शरथ कमल, साथियन, हरमीत, ए अमलराज, मनिका बत्रा, सुतिरथा मुखर्जी, रीथ रैश्या और अर्चना कामथ हैं। यह सभी दोहा में होने वाली डब्ल्यू टीटी कंटेंडर (मार्च 3-6), डब्ल्यू टीटी स्टार कंटेंडर (मार्च 8-13), वर्ल्ड सिंगल्स (मार्च 14-17), एशियन ओलंपिक क्वालिफायर (मार्च 18-20) में प्रतिभागिता करेंगे।