बरवाला। आदर्श कॉलोनी स्थित न्यू स्टैंडर्ड हाई स्कूल प्रांगण में 23 मार्च से शुरू होने वाली संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के उपलक्ष्य में समस्त कॉलोनी वासियों के सहयोग से बैंड बाजे व ढोल नगाड़ों के साथ कलश-यात्रा निकाली गई।
इस कलश यात्रा में कॉलोनी के लोगों, महिलाओं व बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग दिया। यह कलश यात्रा कॉलोनी में स्थित शिव मंदिर से शुरू होकर बरवाला अंबाला मार्ग, बरवाला भरेली फिरनी मार्ग पर स्थित गोल शिव मंदिर, बाबा सुखानंद तालाब के नजदीक स्थित प्राचीन शिव मंदिर, बरवाला डेराबस्सी मार्ग, बरवाला बाईपास, बरवाला बस स्टैंड होते हुए मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर भक्तों ने जय श्री राम, भारत माता की जय, हरे कृष्णा हरे राम का जय घोष किया। इस कलश यात्रा में कथा व्यास भागवताचार्य आचार्य वीरेंद्र शास्त्री, न्यू स्टैंडर्ड स्कूल के चेयरमैन दीपचंद शर्मा, प्रिंसिपल अंजू शर्मा, श्याम सुंदर, मनोज कुमार, रामगोपाल, सुरेश कुमार वर्मा, प्रमोद कुमार, पूजा वर्मा, रक्षा रानी, सविता रानी, उषा रानी, भावना गुप्ता, व बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए अपना पूर्ण सहयोग दिया ।