पंचकूला। एमडीसी सेक्टर-6 में दिनदहाड़े एक बंद घर का ताला तोड़कर चोर तकरीबन तीन लाख रुपये के सोने के गहने ले गए। यह वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक परिवार के साथ पटना गया हुआ था। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक एमडीसी के सेक्टर-6 में मकान नंबर 447 में रहने वाले मनोज कुमार पुत्र वासुदेव यादव 13 जून को पत्नी और बच्ची के साथ पटना में अपने माता-पिता के पास गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने अपने साथी कर्मचारी अमन यादव को छोड़ रखा था, जो कि रोजाना सुबह 10 बजे ड्यूटी पर चला जाता था और शाम को लौटता था। 28 जून को जब अमन शाम 7 बजे घर लौटा तो देखा मकान के दरवाजे का ताला टूटा था और अंदर अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था।
उसने तुरंत इसकी सूचना मनोज कुमार को दी और डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इसके बाद मनोज कुमार ने 29 जून को थाने में पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनके बेडरूम की अलमारी में रखे सोने के गहनों में एक चेन, एक मंगलसूत्र, दो अंगुठियां, एक जोड़ी झुमके, एक नथ और एक लॉकेट चोरी हो गया है। पुलिस ने मनोज की शिकायत पर थाना मनसा देवी में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।