कालका। बहला फुसलाकर दो महिलाओं से जेवर ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नीरज ने बताया कि वह बाबा भाग सिंह गुरुद्वारा गांव माजरा महताब कालका का रहने वाली है। वह एक घरेलू महिला है। उसका पति मकान बनाने का काम करता है। उनके मोहल्ले में दो महिलाएं चार-पांच दिन से पुराने बर्तन लेकर नए बर्तन देने का काम कर रहीं थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह अपने घर पर थी। दो महिलाएं एक बच्चे के साथ उसके घर आई।
उसने एक कुकर, एक पूजा की थाली, दो सिल्वर के भगोने और एक तांबे की गड़वी दी। इसके बदले में वह उसके घर उसे एक बाल्टी, स्टील का डिब्बा, एक फ्राईपान, एक बड़ा स्टील का डिब्बा देने पहुंची। इतने में ही उसकी पड़ोसन सुमन देवी भी उसके घर आ गई। घर में पहले से मौजूद महिलाओं ने कहा कि तुम्हारे पास जो जेवर हैं, वह हमें दे दो। विदेशियों को इसका डिजायन दिखाएंगी। जो रुपये उनको मिलेंगे उसमें से उनको भी कुछ देंगीं। दोनों ने बातों में उलझाकर गहने ले लिए। उसने कानों में पहनी सोने की बाली, चांदी की चेन और सुमन ने अपने कानों में पहना सोना, दो सोने के मंगल सूत्र सहित चांदी की पायल व एक बिछिया निकालकर दे दिया। गहने लेकर गई महिला आज पर वापस नहीं लौटी हैं। शिकायतकर्ता महिलाओं ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।