चार गांवों में 40 डीपीसी और सड़कों का नेटवर्क ध्वस्त, डीटीपी विभाग की बड़ी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। प्रशासन ने अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए शुक्रवार को अर्बन एरिया में बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की टीम ने चार गांवों में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाकर करीब 40 डीपीसी और सड़कों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
डीटीपी बबीता गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने गांव परगियां, खेरावाली, कोना और लहरौंडी में कार्रवाई की। यहां बिना अनुमति के अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट मनदीप (एसडीई, पीएचईडी कालका) और सहायक नगर योजनाकार अशोक कुमार मौजूद रहे।
विभाग की टीम ने नव-निर्मित ढांचों और निर्माणाधीन डीपीसी को तोड़ा, जबकि भूमाफियाओं द्वारा बनाए गए सड़कों के अवैध नेटवर्क को भी जमींदोज कर दिया। विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
डीटीपी बबीता गुप्ता ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का निर्माण या कॉलोनी विकसित करने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस लेना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति निर्माण और अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विभाग से सीएलयू या लाइसेंस प्राप्त किए बिना किसी संपत्ति में निवेश न करें, ताकि भविष्य में नुकसान से बचा जा सके।