बरवाला। किसानों का धरना समाप्त होने के दो दिन बाद टोल कंपनी की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग -7 पर स्थित गांव जलौली के पास शाम 4 बजे से टोल को शुरू कर दिया गया। टोल का शुभारंभ टोल मैनेजर प्रवीण पांडेय की ओर से नारियल फोड़कर व लड्डू बांटकर किया गया। टोल से गुजरने वाले वाहन चालकों से टोल वसूलना शुरू कर दिया गया।
टोल मैनेजर ने बताया कि यह टोल 378 दिन के बाद दोबारा शुरू किया गया। हालांकि इस दौरान कई वाहन चालकों के फास्ट टैग रिचार्ज न होने और मंथली पास रिन्यू न होने के कारण और कई वाहन चालकों के फास्ट टैग खराब होने के चलते वाहनों को टोल से गुजरने में अधिक समय लगा। इस कारण टोल प्लाजा के दोनों ओर लंबी लंबी लाइनें लग गईं। वहीं, वाहन चालकों को टोल प्लाजा के शुरू होने की जानकारी भी नहीं थी कि आज से टोल शुरू हो जाएगा। क्योंकि लोग उम्मीद जता रहे थे कि टोल 15 दिसंबर से शुरू होगा। वहीं, टोल प्लाजा मैनेजर ने कहा कि टोल की शुरुआत में थोड़ी बहुत समस्या आई है, लेकिन कल तक ट्रैफिक सामान्य हो जाएगा। वहीं, जैसे ही टोल शुरू हुआ तो रेत से भरे टिप्पर व अन्य बहुत से वाहन जलौली व नगल गांव के पास से गुजरने वाले शॉर्ट कट रास्तों से निकलते नजर आए।