बोर्ड परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग का निर्देश, जनवरी के पहले सप्ताह से होंगे प्री-बोर्ड
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में 10वीं और 12वीं कक्षा के प्री-बोर्ड परीक्षा परिणाम शिक्षा विभाग के मैनेजमेंट इंफॉरमेशन सिस्टम (एमआईएस) पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रिंसिपलों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सुधार लाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। प्री-बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों का मूल्यांकन कर उनकी कमजोरियों की पहचान की जाएगी। कम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को बार-बार रिवीजन और अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह से प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय पर प्री-बोर्ड रिजल्ट एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें, ताकि आगे की शैक्षणिक रणनीति प्रभावी रूप से बनाई जा सके।