अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए पंचकूला तैयार है। हरियाणा के प्रत्येक जिले से आने वाले प्रतिभागियों के ठहराने की व्यवस्था प्रशासन ने कर दी है। इसके साथ ही उनको पंचकूला से चंडीगढ़ ले जाने का प्रबंध भी कर लिया गया है। प्रतिभागी 18 जून को पंचकूला पहुंच जाएंगे और 19 को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल में भाग लेंगे। पंचकूला पुलिस के साथ जिला प्रशासन और आयुष विभाग के अधिकारी कार्यक्रम को लेकर लगातार मीटिंग कर रहे हैं। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार करीब सौ बसें प्रतिभागियों को लाने और ले जाने के लिए लगाई जाएंगी।
इसी सिलसिले में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक राजीव रतन और उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल की अध्यक्षता में शुक्रवार को मीटिंग हुई। मीटिंग के दौरान सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष आडिटोरियम में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और 19 जून को चंडीगढ़ के कैपिटल कांप्लेक्स में होने वाले योग कार्यक्रम की फुल ड्रेस रिहर्सल के संबंध में बैठक की गई।
उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को लाने और ठहराने के इंतजाम की जानकारी इस मीटिंग में प्रदेश से आए सुपरवाइजर एवं ग्रुप लीडरों ने भाग लिया।
मित्तल ने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वह 18 जून शाम को बच्चों एवं प्रतिभागियों को लाने के लिए आपसी तालमेल बनाएं। जिला सचिवालय के सभागार में विभिन्न जिलों से आए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर नगराधीश ममता शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
स्कूलों में ठहरेंगे प्रतिभागी
जैनेंद्रा गुरुकुल सेक्टर-एक पंचकूला
संस्कृति प्राथमिक विद्यालय, सेक्टर 20
सार्थक स्कूल सेक्टर-12ए
राजकीय कन्या विद्यालय सेक्टर-15
राजकीय विद्यालय सेक्टर-19
ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन सेक्टर-3
राजकीय कन्या महाविद्यालय
राजकीय विद्यालय सेक्टर 6 पंचकूला